नेशन फर्स्ट पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट की भावना से जनसेवा के संकल्प को साकार करना होगा साकार : नितिन
देश भर के राज्यों में पार्टी संगठन में नए पदाधिकारियों की तैनाती के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश राज्यों में होने वाले निकाय और पंचायत चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को मूल मंत्र दिया। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहेंगे तो इन योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्यन का यश जनता के बीच संगठन को जरूर मिलेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को जयपुर में जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के साथ संवाद में निकाय चुनावों में पार्टी की सफलता पर बधाई दी और अगामी पंचायत राज चुनावों में ठोस रणनीति और आपसी सहयोग, समन्वय के साथ कार्य करते हुए जीत हासिल करने का मंत्र दिया। नवीन ने कहा कि नेशन फर्स्ट पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट की भावना को आत्मसात करते हुए जन सेवा के संकल्प को साकार करना भाजपा से जुड़े सभी राजनीतिक प्रतिनिधियों , संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों में मिली सफलता प्रदेश नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं प्रभावी रणनीति का परिणाम है । उन्होंने कहा कि जीत का सेहरा हम सभी का है और निकाय चुनाव को अगामी पंचायत चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण पडाव मानकर आगे बढना होगा। उन्होंने कहा कि सफलता के साथ आत्मचिंतन और समीक्षा ही संगठन को निरंतर मजबूत और सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव में सफलता प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में सक्रिय रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं और मांगों को समझकर योजना बनाना तथा उनके क्रियान्वयन के दौरान जनता के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं और कार्यक्रम लाए गए हैं । जनप्रतिनिधि क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहेंगे तो इन योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्यन का यश जनता के बीच संगठन को जरूर मिलेगा। नितिन नवीन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति, जिला समिति, जिला परिषद, और बूथ की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का सूक्ष्म आकलन किया जाए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के आगामी दिनों का अधिकतम उपयोग करते हुए चुनावी तैयारियों को गति देने का भी आह्वान किया । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए संगठन को मजबूती, सक्रियता और जनता से सीधा संवाद रखते हुए कार्य करना होगा।

प्रकाशित: शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 | 4:35 PM IST
